चूरू/जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा रविवार को चूरू के जिला खेल स्टेडियम में आयोजित 'गौरव सेनानी समारोह' में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल शेखावाटी की वीर धरा को नमन किया, बल्कि सैनिकों और उनके परिवारों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने चूरू के जिला खेल स्टेडियम का नाम बदलकर देश के महान सपूत लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़ के नाम पर करने का बड़ा ऐलान किया है।
सैनिक कभी रिटायर नहीं होता: मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा में राजस्थान के वीरों की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "हमारे गांवों में शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा, जिसका कोई सदस्य सेना की वर्दी न पहनता हो। सैनिक कभी सेवानिवृत्त (रिटायर) नहीं होता, वह जीवनभर समाज और राष्ट्र की सेवा में लगा रहता है।"
मुख्यमंत्री ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस दिखाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह राठौड़, परमवीर चक्र विजेता पीरू सिंह और मेजर शैतान सिंह जैसे वीरों को याद करते हुए उन्हें प्रदेश का गौरव बताया।
सेना के शौर्य और आधुनिक भारत की ताकत
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मिशनों के जरिए दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के लिए बड़ी सौगातें
सैनिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं:
- एकीकृत सैनिक कल्याण कॉम्प्लेक्स: राजस्थान के जोधपुर, टोंक, शेरगढ़ और झुंझुनूं में 36 करोड़ रुपये की लागत से विशेष कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। यहाँ जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, कैंटीन, अस्पताल और सामुदायिक भवन जैसी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
- मानदेय में 20% की बढ़ोतरी: विभिन्न सरकारी विभागों में 'रेक्सको' के माध्यम से काम कर रहे पूर्व सैनिकों के मानदेय में पिछले दो वर्षों में 20% का इजाफा किया गया है।
- पेंशन में वृद्धि: द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों को मिलने वाली पेंशन को 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति माह कर दिया गया है।
- होटलों में भारी छूट: अब RTDC के होटलों में वीरांगनाओं को ठहरने पर 50% और पूर्व सैनिकों को 25% की छूट मिलेगी।
- कौशल विकास: जोधपुर में मेजर शैतान सिंह कौशल विकास केंद्र और झुंझुनूं में एक भव्य 'वॉर म्यूजियम' की स्थापना की जाएगी।
समारोह में जुटे दिग्गज
इस मौके पर सप्तशक्ति कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिक हमारी 'सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस' हैं। कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और पैरालंपिक कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र झाझड़िया सहित कई सैन्य अधिकारी और वीरांगनाएं मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिकों को सम्मान स्वरूप 'जॉब लेटर' भी सौंपे।
