बाड़मेर ।
जिले की कमान संभालने के बाद शनिवार को पहली बार जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुँची। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई समस्याएं उनके सामने आई। इसमें अस्पताल में लंबे समय से बंद पड़ी सीटी स्कैन की समस्या प्रमुखता से सामने आई। जिसे जिला कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए इसका शीघ्र समाधान करने की बात कही।
जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल के पहले दौर के बाद ही बड़ा असर यह हुआ है कि लंबे समय से चल रही सीटी स्कैन की समस्या का समाधान हुआ है। जिला कलेक्टर के अस्पताल दौरे के कुछ घंटे बाद ही नई सीटी स्कैन मशीन जिला अस्पताल पहुंच गई। अब अस्पताल में सीटी स्कैन की मशीन शुरू करने की कवायद चल रही है।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में सिटी स्कैन मशीन यथाशीघ्र लगाने एवं चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने मौजूदा समय में मरीजों की अतिरिक्त तादाद को देखते हुए दो अतिरिक्त ओपीडी काउंटर एवं अस्पताल परिसर में कैंटीन सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रेडियोलॉजिस्ट के लगातार अवकाश पर रहने की शिकायत पर उन्होंने अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
अस्पताल में लंबे समय से चल रही सीटी स्कैन की मशीन पहुंचने पर अस्पताल अधीक्षक डॉ हनुमान चौधरी ने सभी को बधाई देते खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि शनिवार को कलेक्टर ने अस्पताल का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने जिक्र किया था कि जल्द ही सीटी स्कैन की कार्रवाई जाएगी। जिसको देखते हुए जिस कंपनी का टेंडर हुआ था। 5 दिन का समय देते हुए कम्पनी को सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए कहा गया था अगर वह ऐसा नही करता है तो उसका टेंडर निरस्त कर दिया जाएगा।
चौधरी ने बताया कि इसके बाद तत्काल प्रभाव से कम्पनी सीटी स्कैन मशीन लगा दी है। जिसमें इंजीनियर द्वारा इंस्टॉलेशन और आवश्यक कार्य किया जा रहा है अगले एक-दो दिनों में यह मशीन शुरू हो जाएगी। इसके बाद अस्पताल आने वाले मरीजों को सीटी स्कैन की सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
