बाड़मेर


पचपदरा रिफाइनरी में आगजनी को गहलोत ओर पायलट ने व्यक्त की चिंता , जुली ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना  

बालोतरा जिले पचपदरा रिफाइनरी में आगजनी पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। 


रिफाइनरी में आगजनी की घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बयान सामने आया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर आगजनी घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रिफाइनरी हम सभी राजस्थानियों के लिए गर्व करने वाली परियोजना है। उन्होंने उन्होंने सभी की सलामती की प्रार्थना करते हुए कहा कि कल जिसका उद्घाटन होना है। ऐसे समय पर यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। 


पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान के बालोतरा जिले की रिफाइनरी में लगी आग की खबर बेहद चिंताजनक है। यह एक दीर्घकालिक और महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसका उद्घाटन कल होना है। उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूँ कि वहाँ मौजूद सभी लोग सुरक्षित होंगे और स्तिथि जल्द नियंत्रण में आएगी।


राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने बालोतरा के पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना को  अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा बनाई गई इस रिफाइनरी का उद्घाटन करने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी यहां आ रहे हैं, और उससे एक दिन पहले इस तरह की घटना सरकार की जल्दबाजी की व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस महत्वपूर्ण परियोजना को भाजपा ने वर्षों तक अटकाए रखा। जिससे इसकी लागत भी दोगुनी हो गई। इससे लगता है कि अभी भी रिफायनरी का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है और जल्दबाजी में प्रचार के लिए इसका उद्घाटन करवाया जा रहा है।

जुली ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि दिखावे की झूठी मार्केटिंग से समय निकालते, तो शायद इतनी अहम परियोजना के आसपास सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक नहीं होती। उन्होंने कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। जुली ने इस हादसे में सभी के सुरक्षित होने की प्रार्थना कामना भी की।