बाड़मेर।
एमबीसी राजकीय कन्या महाविद्यालय बाड़मेर में कला, विज्ञान व वाणिज्य संकाय में नवीन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक प्रथम सेमेस्टर (प्रथम वर्ष) में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 मई से प्रारंभ हो गई है और ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई है।
प्राचार्य डॉ. मुकेश पचौरी ने बताया कि आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान जयपुर ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी किया है और विभाग द्वारा सम्पूर्ण प्रवेश प्रक्रिया मई और जून में पूरी कर 1 जुलाई से शिक्षण कार्य शुरू करना प्रस्तावित है। महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर (प्रथम वर्ष) में प्रवेश हेतु 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन करने वाली छात्राओं के दस्तावेजो का 19 मई तक ऑनलाइन आवेदन सत्यापन करने के पश्चात वरीयता सूची व प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 20 मई को किया जाएगा। वरीयता सूची व प्रतीक्षा सूची में आने वाली छात्राओं को 25 मई तक महाविद्यालय में आकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाकर ई मित्र पर या ऑनलाइन फीस जमा करानी होगी। वरीयता व प्रतीक्षा सूची की छात्राओं द्वारा दस्तावेज सत्यापन व फीस जमा न कराने पर प्रवेश सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
प्रथम प्रवेश सूची 27 मई को जारी होगी और 29 मई को प्रवेशित छात्राओं को विषय आवंटन किया जाएगा। उसके बाद रिक्त सीट के लिए श्रेणीवार आवेदन प्रारभ होंगे। प्राचार्य डॉ. पचौरी के अनुसार महाविद्यालय में कला संकाय में 5 सेक्शन, वाणिज्य वर्ग में 1 सेक्शन तथा विज्ञान वर्ग में गणित व बायो में 1-1 सेक्शन के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है। छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करते समय बोनस अथवा आरक्षण संबंधी दस्तावेज़ सावधानी से अपलोड करवाएं। सही दस्तावेजों के अभाव में बोनस अंक या आरक्षण लाभ नहीं दिया जा सकेगा। आवश्यक है कि सम्बंधित प्रमाण पत्र की वैधता अवधि पार न हो।
स्नातक के ऑनलाइन एडमिशन हेतु नोडल अधिकारी जितेंद्र कुमार बोहरा, सहायक आचार्य ने कहा कि सामान्य तौर पर आरक्षण के सम्बन्ध में ओबीसी नॉन क्रीमीलेयर विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र जारी होने की तिथि से 3 वर्ष की अवधि का लाभ दिया जाता है लेकिन 1 वर्ष से पुराने प्रमाणपत्र हेतु आवश्यक है कि निर्धारित प्रपत्र में शपथ पत्र अटैच किया हुआ हो। यदि तीन साल से पुराना ओबीसी प्रमाणपत्र होगा तो ऐसी छात्रा को ओबीसी का लाभ नहीं मिलेगा। आर्थिक पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को इसी वित्तीय वर्ष का बना आर्थिक पिछड़ा वर्ग प्रमाणपत्र अपलोड करना है, लेकिन पिछले दो सत्र में बना प्रमाणपत्र होने पर निश्चित आय सीमा में होने का शपथपत्र देना होगा। छात्रा का नाम जन आधार कार्ड में हो तथा जन आधार से लिंक मोबाइल नंबर का उपयोग ऑनलाइन आवेदन में अपेक्षित है। राजस्थान की मूल निवासी छात्राएं जन आधार कार्ड के माध्यम से ही आवेदन कर पाएगी।
कुल सीट-
1.कला संकाय - 400 सीट
विषय - राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, दर्शनशास्त्र, गृह विज्ञान।
2.वाणिज्य संकाय - 70 सीट
विषय - एबीएसटी, ईएएफ़एम, बिज़नेस एडमिनिस्ट्रेशन।
3.विज्ञान (बायो) - 70 सीट
विषय- वनस्पति शास्त्र, प्राणी शास्त्र, रसायन शास्त्र,
4.विज्ञान (गणित) - 70 सीट
विषय - रसायन शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित।
नोट - पिछले सत्र में राज्य सरकार ने इन सीटों में सत्र के लिए 25 प्रतिशत वृद्धि की थी और इस वर्ष भी आवश्यकतानुसार ऐसी वृद्धि की संभावना है।
एम बी सी राजकीय कन्या महाविद्यालय बाड़मेर में सह शैक्षणिक गतिविधियां : राष्ट्रीय सेवा योजना (एन एस एस), नेशनल कैडेट कोर (एन सी सी), रेंजर्स, महिला प्रकोष्ठ, खेल विभाग, साहित्यिक और सांस्कृतिक समिति, स्मार्ट कक्ष, नई किरण नशा मुक्ति केंद्र, रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण, मतदाता साक्षरता क्लब, उपभोक्ता क्लब, मानवाधिकार प्रकोष्ठ आदि।
महाविद्यालय की छात्राएं विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएं: मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृति, समाज कल्याण छात्रवृत्ति,काली बाई भील और देवनारायण मेधावी छात्रा स्कूटी योजना, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन छात्रवृत्ति योजना, अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति आदि से लाभान्वित होती है। साथ ही महाविद्यालय की छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों में राज्य और राष्टीय स्तर पर जाने का अवसर मिलता है।
