बाड़मेर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित 21 अप्रैल के पचपदरा कार्यक्रम से एक दिन पहले यानी सोमवार दोपहर को रिफाइनरी में हुई आगजनी की घटना को लेकर नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस मामले को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं समेत कई विषयों पर सवाल खड़े किए हैं।
रिफाइनरी में आगजनी की घटना को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बयान जारी कर कहा कि राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी में हुई आगजनी की घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलने वाली गंभीर चेतावनी है।
उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित हो और उससे ठीक एक दिन पहले इतनी संवेदनशील और रणनीतिक महत्व की जगह पर आगजनी हो जाए, तो यह महज संयोग नहीं माना जा सकता ।
उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा सीएम से पूछना चाहता हूं कि पीएम के दौरे से पहले आपने यहां की स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने कहा कि आज भी आपका दौरा यहां प्रस्तावित है। ऐसे में क्या शासन - प्रशासन केवल दिखावे की तैयारियों में व्यस्त है ? बेनीवाल ने कहा कि यह घटना न सिर्फ आम जनता की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि निवेश और औद्योगिक विकास के माहौल को भी प्रभावित करती है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री के दौरे से पहले ऐसी जगहें ही सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश में बड़े निवेश कैसे आएंगे ? इस आगजनी की घटना ने यह भी साबित कर दिया कि पीएम दौरे को लेकर भी राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आनन - फानन में तैयारियां की है,उन्हें केवल उद्घाटन करवाने की होड़ है।
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि इस गंभीर चूक और आगजनी की जिम्मेदारी राजस्थान के मुख्यमंत्री को स्वयं को सार्वजनिक रूप से लेनी चाहिए क्योंकि वो खुद इस कार्यक्रम कि मोनिटरिंग कर रहे है।
