बाड़मेर में पुलिस की होली में पुलिस लाइन पहुंचे शिव विधायक फिल्मी और राजस्थानी गानों पर थिरकते नजर आए। भाटी ने एसपी, पुलिस के अधिकारियों और जवानों के साथ रंग और गुलाल लगाकर होली खेली। 

भाटी और बाड़मेर एसपी को कंधे ओर उठाकर नाचे पुलिस के जवान
पुलिस जवानों ने विधायक रविंद्रसिंह भाटी, एसपी नरेंद्र सिंह मीना, डीएसपी को कंधों पर उठाकर डीजे की धुनों पर जमकर डांस किया। एसपी नरेंद्रसिंह मीना और भाटी ने एक दूसरे को गुलाल लगाया और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दी। दोनों ने साथ में डांस भी किया।

ड्यूटी के बाद आज मनाई पुलिस जवानों ने होली
दरसअल, होली और धुलंडी को ड्यूटी करने के बाद आज पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस लाइन में होली खेली। पुलिस की होली में शामिल होने के लिए शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी भी पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी और पुलिस अधिकारियों के साथ डीजे की धुनों पर ठुमके भी लगाए।

जवानों की हौसला अफजाई के लिए बनाई गई परंपरा
इस मौके पर एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि होली के त्यौहार पर पुलिस के जवान ड्यूटी पर रहते है और परिवार के साथ होली नहीं मना पाते। पुलिस जवानों की हौसला अफजाई के लिए पुलिस परिवार के साथ होली खेलने की परंपरा है। इससे जवानों का हौसला बढ़ता है।