बालोतरा।
जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं निजी अस्पतालों में कल शनिवार 9 मई को अग्नि सुरक्षा को लेकर फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मॉक ड्रिल के माध्यम से अस्पतालों में आगजनी की घटनाओं की रोकथाम, आपातकालीन स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा उपलब्ध संसाधनों की प्रभावशीलता की जांच की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. वांकाराम चौधरी ने बताया कि वर्तमान में बढ़ती गर्मी के कारण शॉर्ट सर्किट एवं एसी ब्लास्ट जैसी घटनाओं की संभावनाएं बढ़ गई हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया जाएगा तथा फायर सेफ्टी उपकरणों के संचालन और स्टाफ की तत्परता का परीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अस्पतालों में वार्ड बॉय, नर्सिंग अधिकारियों एवं अन्य कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल परिसरों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सीएमएचओ ने बताया कि जिले में 4 मई से 10 मई तक “फायर सेफ्टी वीक” मनाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” रखी गई है। अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से भी अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता एवं समझदारी से कार्य करने की अपील की है।
