बाड़मेर: अरंडी के खेत में लहलहा रहे थे अफीम के पौधे, पुलिस ने दी दबिश तो उड़ गए होश
बाड़मेर। सरहदी जिले बाड़मेर में अवैध नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सेड़वा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अरंडी की फसल की आड़ में की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 340 अफीम (डोडा पोस्त) के पौधे बरामद किए हैं।
कैसे हुआ खुलासा?
सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि 'गुल्ले की बेरी' गांव में एक किसान अपने खेत में अरंडी की फसल के बीच चुपके से अफीम उगा रहा है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी ने पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर दबिश दी। जब पुलिस टीम मालाराम नामक व्यक्ति के खेत में पहुंची, तो वहां अरंडी की फसल के बीच एक खास क्यारी नजर आई, जिसमें अफीम के पौधे लहलहा रहे थे।
340 पौधे जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जब पौधों की गिनती की तो कुल 340 पौधे पाए गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया। खेत मालिक मालाराम (निवासी- गुल्ले की बेरी) को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पहली बार ही लालच में आकर अफीम की बुवाई की थी।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
सेड़वा थाना पुलिस ने आरोपी मालाराम के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी अफीम के बीज कहां से लाया था और क्या इसमें कोई बड़ा गिरोह शामिल है।
