भरतपुर। शादी समारोह के बीच पति ने पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद ने सुसाइड कर लिया। पूरा घटनाक्रम भरतपुर जिले के रुपवास थाना क्षेत्र के सिंघावली गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे घटित हुआ।

थानाधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि गोली लगने से यूपी के आगरा के बरुअर निवासी राघवेंद्र (31) की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी राधिका (28) गंभीर रुप से घायल है। सिंघावली में राधिका का पीहर है। शुक्रवार को राधिका के चाचा की लड़की के लग्न का कार्यक्रम चल रहा था।

जहां राधिका और राघवेंद्र के बीच कहासुनी हो गई। राघवेंद्र राधिका को कमरे में ले गया। कमरा बंद कर पहले उसने राधिका की छाती में गोली मारी और फिर खुद के सीने पर फायर कर लिया।

कमरे की ओर भागे परिजन
गोली चलने की आवाज सुनकर राधिका के परिजन कमरे की ओर भागे। कमरे का गेट तोड़कर परिजनों ने दोनों को बाहर निकाला। तब तक राघवेंद्र की मौत हो चुकी थी।

पत्नी जयपुर किया रेफर
परिवार के लोग राधिका को गंभीर हालत में रूपवास अस्पताल ले पहुंचे। जहां से उसे भरतपुर के RBM अस्पताल में इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे हाय सेंटर जयपुर रेफर कर दिया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।

फर्श पर बिखरा पड़ा था खून
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया। घर के फर्श पर खून बिखरा पड़ा था। परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं है कि राधिका और राघवेंद्र के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस राधिका के परिजनों से पूछताछ के जुटी है।

परिजन का कहना ; घर आते ही मार दी गोली
राधिका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि राधिका 30 अप्रैल को शादी में शामिल होने के लिए घर आई थी। वहीं राघवेंद्र दोपहर 12 बजे के करीब आया था। घर आते ही राघवेंद्र ने राधिका को लग्न के कार्यक्रम से बुलाया और कमरे में ले गया। जहां राघवेंद्र ने राधिका को गोली मार दी।

परिजनों के मुताबिक राधिका और राघवेंद्र की शादी करीब 4 साल पगले हुई थी। दोनों के 3 साल का एक बेटा है। राघवेंद्र खेती बाड़ी का काम करता था।