राजस्थान के अलवर में ICICI बैंक के रीजनल हेड की हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी और उसके प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
NEB थाना प्रभारी योगेश कुमार के मुताबिक अलवर निवासी बैंक अधिकारी कर्णव खत्री (32) ने 7 मार्च को पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया था कि मेरी शादी वर्ष 2018 में गोविंदगढ़ निवासी अर्चना अरोड़ा (30) से हुई थी। हमारे दो बच्चे भी है और अर्चना हाउस वाइफ है।
टैक्सी बुक करके प्रेमी से मिलने जाती
NEB थाना SHO दिनेश चंद ने बताया कि अर्चना की जिंदगी ऋषभ से मिलने के बाद बदल गई थी। ऋषभ दौसा के बांदीकुई का रहने वाला है। मां की मौत के बाद राजगढ़ (अलवर) में नाना सुभाष इंदौरिया के पास रहता था। अर्चना और ऋषभ के बीच रोज व्हाट्सएप पर बातें होती थी और यह सिलसिला प्यार में बदल गया। अर्चना प्रेमी से मिलने के लिए रोज एप के जरिए टैक्सी बुक करके घर से निकल जाती थी।
7 सितम्बर को प्रेमी के साथ भागी
पुलिस के मुताबिक 7 सितम्बर 2025 को अर्चना से अपने 2 साल के छोटे बेटे को अपने साथ लिया। घर से ज्वेलरी और नकदी लेकर प्रेमी ऋषभ के साथ भाग गई। प्रेमी पहले उसे जयपुर और दिसंबर 2025 में भिवाड़ी के टपूकड़ा ले गया। वहां से अर्चना अपने बेटे को लेकर अलवर आ गई।
2026 से प्रेमी के साथ रहने लगी अर्चना
पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अर्चना अपने प्रेमी ऋषभ के साथ रहने लगी। मार्च 2026 में ऋषभ अर्चना के पति कर्णव खत्री (बैंक अधिकारी) को टैक्सी से जयपुर ले गया। आरोप है कि रास्ते में ऋषभ ने कर्णव को मारने का प्रयास किया। इसके बाद 7 मार्च को कर्णव खत्री ने पत्नी और उसके प्रेमी ऋषभ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पीड़ित ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी।
प्रेमी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाकर बयानों से पलटी
22 दिसंबर को अर्चना ने पति और पीहर पक्ष के साथ मिलकर ऋषभ के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया। आरोप लगाया था कि ऋषभ ने उसके 2 साल के बेटे का हाथ चिमटे से जला दिया था। इस मामले में जब पुलिस कोर्ट में अर्चना के 164 के बयान करवाने गई तो अर्चना अपने बयानों से मुकर गई थी।
SHO दिनेश चंद ने बताया कि महिला ने पहले फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए रेप करने और बेटे का हाथ जलाने का मामला दर्ज करवाया था। लेकिन, बयानों के वक्त महिला मुकर गई थी।
फिर दी पति को बर्बाद करने की धमकी
प्रेमी को जेल होने के बाद अर्चना ने पति कर्णव को लेटर भेजकर बर्बाद करने की धमकी दे डाली। लेटर में लिखा था कि "कोर्ट में मैने झगड़ा निपटाने के लिए 30 लाख रुपए मांगे। लेकिन, तुमने ऋषभ को जेल भिजवा दिया। अब 50 लाख रुपए देने होंगे। नहीं तो तुझे और तेरी मां को जान से मरवा देंगे और बच्चों को अनाथ आश्रम में छोड़ देंगे। तेरे खिलाफ राजगढ़ के केस भी दर्ज करवा दिया है। जिस दिन तू कोर्ट के आयेगा, उसी दिन तुझे खत्म करवा दिया जाएगा।"
पूरे घटनाक्रम की जांच पड़ताल कर पुलिस ने बैंक अधिकारी की पत्नी और उसके प्रेमी ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
