बाड़मेर। बकरियां चराने जा रही महिला को बोलेरो कैंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। चपेट में आई 2 बकरियों को भी बोलेरो कैंपर ने कुचल दिया।
पूरा घटनाक्रम बाड़मेर जिले के धनाऊ थाना इलाके में भारत माला हाइवे पर बावड़ी कला (मीठे का तला गांव) में सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुई। टक्कर के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना के बाद बोलेरो कैंपर चालक गाड़ी रोड़ पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक बोलेरो कैंपर की चपेट में आई महिला बादली देवी पत्नी कृष्णराम चौहटन के बावड़ी कला गांव की रहने वाली थी। बादली देवी भारतमाला हाइवे से बकरियां चराने खेत की ओर जा रही थी। धनाऊ की तरफ जाने के दौरान सामने से आ रही बोलेरो कैंपर ने बादली देवी और बकरियों को टक्कर मार दी। बादली देवी और 2 बकरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बोलेरो कैंपर चालक गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
बेटे ने दर्ज करवाया मामला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को चौहटन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के बेटे श्रवण कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को स्पर्स कर दिया है। पुलिस ने बोलेरो कैंपर को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया। पुलिस बोलेरो चालक की तलाश में जुटी है।
