जानकारी के अनुसार, सेंद्रिय निवासी मांगू सिंह रावत ने आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित ने बताया कि वह 28 फरवरी 2026 को रेलवे से रिटायर्ड हुए थे और रिटायरमेंट के बाद उनके खाते में करीब 29 लाख रुपए जमा हुए थे।
रिटायरमेंट के कुछ दिनों बाद उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पेंशन विभाग का कर्मचारी बताते हुए PPO वेरिफिकेशन के नाम पर उनसे बैंक संबंधी जानकारी मांगी। ठग ने प्रक्रिया पूरी करने के बहाने उनके मोबाइल पर आए OTP भी पूछ लिए।
OTP साझा करते ही ठगों ने अलग-अलग दो ट्रांजैक्शन के जरिए उनके खाते से 10 लाख रुपए निकाल लिए। जब तक पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, तब तक राशि अकाउंट से निकल चुकी थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद आदर्श नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी छोटू लाल ने बताया कि साइबर ठगों की पहचान और रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।
