बालोतरा।
बालोतरा पुलिस ने ऑपरेशन अश्ववेग" के तहत जिले में हुई एक नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो सतीश चोरों को गिरफ्तार करने के साथ ही 4 किलो चांदी व 30 ग्राम सोना सहित वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को बरामद करने बड़ी सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार जिले के सिणधरी थाने में 27 फरवरी 2026 को प्रार्थी खेताराम पुत्र तुलछाराम, जाति जाट, उम्र 60 वर्ष, निवासी सारणों की ढाणी (नेहरो की ढाणी) ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसके भाई पदमाराम का मकान उक्त स्थान पर है, जो वर्तमान में परिवार सहित महाराष्ट्र में निवासरत हैं। 26 फरवरी की रात्रि लगभग 11:00 बजे से प्रातः 04:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा सोने-चांदी के आभूषण (कुल लगभग 14 तोला सोना व 379 तोला चांदी) एवं 40,000/- नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने इस रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने घटना के बाद पुलिस टीम द्वारा तत्परता देखते हुए परम्परागत पुलिसिंग एवं तकनीकी सहायता से आसूचना संकलन किया गया तथा पूर्व में सक्रिय संदिग्ध नकबजनों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी गई। इसी क्रम में थाना बिशनगढ़ में एक प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी ओमप्रकाश एवं अक्षय कुमार से पूछताछ के दौरान उक्त वारदात करना स्वीकार किया गया। तदनुसार दोनों अभियुक्तों को जिला कारागृह जालोर से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से प्राप्त कर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर अभियुक्तों के कब्जे से प्रकरण में चोरी की गई लगभग 4 किलोग्राम चांदी एवं 30 ग्राम सोना तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई। प्रकरण में गहनतापूर्वक अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा रमेश कुमार ने बताया कि जिले में सम्पत्ति संबंधी अपराधों का शीघ्र खुलासा कर शत प्रतिशत बरामदगी करने व अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी कानूनी कार्यवाही हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन अश्ववेग" के तहत जारी दिशा-निर्देशानुसार सिणधरी थाना पुलिस ने ओमप्रकाश व अक्षय कुमार को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चुराई गई 04 किलोग्राम चांदी व 30 ग्राम सोना सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
