बालोतरा

बालोतरा पुलिस ने क्रिकेट-सट्टा के विरूद्ध की बड़ी कार्यवाही, करोड़ के हिसाब- किताब के साथ 3 सटोरियों को किया गिरफ्तार



बालोतरा पुलिस ने क्रिकेट-सट्टा के विरूद्ध की बड़ी कार्यवाही, 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर क्रिकेट-सट्टा लगाने में प्रयुक्त 3 लेपटॉप, 33 मोबाईल, पियानो अटैची (मोबाईल सेटअप) सहित करोड़ों का हिसाब-किताब जब्त किया।


दरसअल डीएसटी बालोतरा को सूचना मिली थी कि सिटी पार्क, बालोतरा के पास जावेद वगैरा द्वारा आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स एवं लखनऊ सुपर जायंट्स के मध्य चल रहे क्रिकेट मैच पर संगठित रूप से सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्यवाही करते हुए शिशपालसिंह आरपीएस (प्रशिक्ष) मय पुलिस टीम द्वारा सिटी पार्क, बालोतरा के निकट स्थित जावेद के किराये के मकान पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई। कार्यवाही के दौरान जावेद, मनीष, महेन्द्र एवं असरफ को मौके से दस्तयाब किया गया तथा उनके कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त 03 लैपटॉप, 33 मोबाइल, 01 पियानो अटैची (मोबाईल सेटअप), करोड़ों रुपये के हिसाब-किताब की डायरियां, वाई-फाई राउटर, चार्जर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जावेद आदि अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अत्यंत संगठित एवं तकनीकी तरीके से क्रिकेट मैचों पर जुआ-सट्टा संचालित कर रहे थे। 

आरोपी पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदलते थे, जिनकी गतिविधियों पर पुलिस टीम पिछले एक माह से लगातार निगरानी रखे हुए थी। आरोपी ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़ते थे तथा लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए मैच दिखाकर उस पर सट्टा लगवाते थे, जिससे वे अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित कर अन्य व्यक्तियों को हानि पहुंचा रहे थे। ऐसे पुलिस कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। 


पुलिस को आरोपियों से बड़ी मात्रा में जुआ सामग्री एवं करोड़ों रुपये का विस्तृत हिसाब-किताब बरामद हुआ है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है तथा इस संगठित सट्टा नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ एवं अग्रिम अनुसंधान जारी है।