बाड़मेर जिले की डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के मामले में 7 महीने से फरार चल रहे हनुमानगढ़ पुलिस के वांटेड आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना हनुमानगढ़ पुलिस को दे दी है और जल्द ही उसे सुपुर्द किया जाएगा।
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी नितेश आर्य के सुपरविजन में डीएसटी टीम इंचार्ज आदेश कुमार अपनी टीम के साथ सक्रिय थे।
इस दौरान टीम को सूचना मिली कि हनुमानगढ़ पुलिस का इनामी आरोपी देवाराम उर्फ कालूराम (पुत्र दमाराम), निवासी रतासर (थाना बीजराड़) अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और आरोपी को मौके से डिटेन कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश जारी थी। गिरफ्तारी के बाद हनुमानगढ़ पुलिस को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद आरोपी को उनके हवाले किया जाएगा।
 6 जनवरी को घोषित हुआ था इनाम
हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में 26 सितंबर को आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर 6 जनवरी को उस पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
 दो मामले दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी देवाराम के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं—एक मारपीट का और दूसरा आबकारी अधिनियम से जुड़ा हुआ।