पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में ईद का त्योहार पूरे उत्साह और सौहार के साथ मनाया गया। शनिवार सुबह गेहूं रोड स्थित ईदगाह और जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा करने पहुंचे। तय समय पर नमाज अदा की गई, जहां हार उम्र के लोगों युवा, बुजुर्ग और बच्चों ने एक साथ सिर झुकाकर देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

जामा मस्जिद में पेश इमाम हाजी मौलाना लाल मोहम्मद सिद्दीकी की अगुवाई में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान मोमीनों ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ इबादत की और देश की तरक्की व भाईचारे की कामना की।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, पूर्व नगर परिषद सभापति दिलीप माली, कांग्रेस नेता मांगीलाल वडेरा और युवा नेता ठाकराराम माली सहित कई नेताओं और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की बधाई दी और गले मिलकर सौहार्द का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने कहा कि बाड़मेर की सामाजिक समरसता बेमिसाल है। यहां सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करते हैं, जो सर्वधर्म समभाव और इंसानियत का सच्चा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाड़मेर की कौमी एकता से सभी को सीख लेने की जरूरत है।