राजस्थान के पाकिस्तान बॉर्डर से सटे बाड़मेर जिले में मंगलवार रात अचानक आसमान में तेज रोशनी का गोला दिखाई देने से हड़कंप मच गया। रात करीब 9 बजे तेज आवाज के साथ चमकती लाइट्स नजर आईं, जिसे देखकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग घरों से बाहर निकल आए।
करीब 15 मिनट तक आसमान में यह चमक बनी रही। घटना के बाद इलाके में उल्कापिंड गिरने या मिसाइल परीक्षण जैसी आशंकाओं को लेकर डर का माहौल बन गया। कई लोगों ने इसे मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया और सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिससे चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह कोई असामान्य घटना नहीं है, बल्कि एक सामान्य प्रक्रिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जब लड़ाकू या बड़े विमान अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरते हैं, तो उनके इंजन से निकलने वाली अतिरिक्त गैस हवा के संपर्क में आकर आग जैसी चमक पैदा करती है।
विशेषज्ञों ने बताया कि इस प्रक्रिया को तकनीकी भाषा में “आफ्टर बर्नर” या “गैस रिजेक्शन” कहा जाता है। रात के अंधेरे में यह प्रक्रिया ज्यादा स्पष्ट दिखाई देती है, जिससे यह आग के गोले जैसी प्रतीत होती है। सरहदी क्षेत्र होने के कारण यहां वायुसेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की रूटीन उड़ानें होती रहती हैं और यह उसी का हिस्सा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं लोगों में भ्रम पैदा कर चुकी हैं। करीब 11 महीने पहले बीकानेर में भी 24 मई 2025 को रात के समय आकाश में 10 से ज्यादा चमकदार वस्तुएं एक लाइन में चलती दिखाई दी थीं। उस समय लोगों ने इन्हें ड्रोन समझ लिया था और पुलिस को सूचना दी थी। बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि वे स्टारलिंक सैटेलाइट्स थे।