बाड़मेर के भजन गायक छोटू सिंह रावणा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गायक छोटूसिंह रावणा शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी पर गंभीर आरोप लगा रहे है।

छोटू सिंह अपने वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि "मेरे पास शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी का फोन आया और उन्होंने मुझे धमकाने वाले लहजे में मुझसे कहा कि दो बार तो आपको छोड़ दिया, अब जो कर रहे हो वो ठीक नहीं है।'

वहीं छोटूसिंह रावणा के इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी ने कहा है कि "लोग अक्सर दूसरों के कंधों का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए उनको कभी किसी का टूल नहीं बनना चाहिए।"

कमेंट को लेकर छिड़ा विवाद
एक वीडियो में कमेंट को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। छोटूसिंह रावणा ने अपने वीडियो में कहा कि "मैने किसी पीड़ित बच्चे के वीडियो में कमेंट कर लिखा कि अगर ये बच्चा रील स्टार होता तो सब नेता उसके पास होते।" गायक के मुताबिक मेरा कमेंट सामान्य था। वो मुझे कॉल करके प्रेम से समझाते। लेकिन, उन्होंने मुझे धमकाया। तो मैं कहना चाहूंगा कि मैं डरने वाला नहीं हूं और आप सीएम भी होते तो मैं नहीं डरता।"

रावणा ने भाटी पर जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए कहा कि "मुझे मारना आसान है। क्योंकि मैं बिना सुरक्षा के घूमता हूं। लेकिन, मुझे डराना मुश्किल है।

भाटी ने दिया जवाब
भाटी ने छोटू सिंह के इस वायरल वीडियो पर कहा है कि "मैने केवल आपत्ति दर्ज करवाई है। भाटी ने कहा कि लोग अक्सर दूसरों के कंधों का इस्तेमाल करते है और उनको टूल नहीं बनना चाहिए।"