भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा नेशनल हाईवे-48 पर मांडल चौराहे के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद चोरी का आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक हेड कॉन्स्टेबल लेखराज बागड़ी (55) निवासी किशनगढ़ और कॉन्स्टेबल रविंद्र कुमार जाट (48) चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने में कार्यरत थे और वर्तमान में भीलवाड़ा में पोस्टेड थे। दोनों पुलिसकर्मी चोरी के आरोपी छोटू भील (40) को पकड़कर मांडल से भीलवाड़ा लेकर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि विभाग के पास तत्काल बड़ी गाड़ी उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपी को बाइक पर ही ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मांडल चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल आरोपी छोटू भील को पहले मांडल उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-48 पर लंबा जाम लग गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।