झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र के डूमोली गांव में पेड़ काटने को लेकर दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को कथित तौर पर पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि युवक बेहोश हो गया, लेकिन इसके बावजूद उस पर लाठी-डंडों से हमला जारी रखा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मामला 12 मई शाम करीब 5 बजे का बताया जा रहा है, जबकि पीड़ित परिवार की ओर से 13 मई की शाम को सिंघाना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
पुलिस के अनुसार पीड़ित राहुल बावरिया (23) की मां मंजू देवी ने रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा अपने प्लॉट में सूखी लकड़ियां काट रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला रोहताश, उसकी पत्नी प्रेमी देवी, बेटा इंद्र और बहू सरोज हाथों में लकड़ी और कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचे और प्लॉट में खड़े खेजड़ी के पेड़ काटने लगे।
राहुल और उसकी बहन आशा ने जब उन्हें पेड़ काटने से रोका तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पड़ोसी परिवार ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे इतना पीटा कि वह बेहोश हो गया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद आरोपी राहुल को घसीटते हुए अपने घर ले गए और वहां आंगन में पेड़ से बांध दिया। करीब चार घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान लगातार लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की जाती रही। इतना ही नहीं, किसी के छुड़ाने से रोकने के लिए घर के मेन गेट पर ताला भी लगा दिया गया।
राहुल की मां ने बताया कि बेटा दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी। इसी बीच राहुल की बहन किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस को सूचना देने पहुंची।
सूचना मिलते ही सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपियों के कब्जे से छुड़वाया। गंभीर हालत में राहुल को पहले सिंघाना हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।