रीको थाना प्रभारी चैन प्रकाश के अनुसार मृतक की पहचान पवन कुमार (40) निवासी कलाउ गांव, देचु थाना क्षेत्र (जिला फलौदी) के रूप में हुई है। वह बाड़मेर जिले के शिव क्षेत्र के धारवी खुर्द गांव स्थित सरकारी स्कूल में ग्रेड थर्ड टीचर के पद पर कार्यरत था। वह पिछले साल 2018 से यहां सेवाएं दे रहा था और वर्तमान में भियाड़ कस्बे में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम पवन कुमार बाड़मेर-उतरलाई रेलवे ट्रैक पर पीलर नंबर 829 के पास पहुंचा और हावड़ा ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रेन चालक ने तुरंत ट्रेन रोककर रेलवे प्रशासन और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक के पास से तीन पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला लव अफेयर से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। मृतक की शादी करीब 14-15 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
