राजस्थान के भीलवाड़ा में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के 4 लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में पिता -पुत्री की मौत हो गई। वहीं सास और बहू दोनों गंभीर घायल हो गए। हादसा भीलवाड़ा के कोटड़ी थाना क्षेत्र के हुआ।
जानकारी के मुताबिक परिवार के लोग कपड़े की खरीददारी के लिए जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक खराब हो गई तो परिवार के लोग सड़क किनारे ही खड़े थे। पुलिस ने इस हादसे के बाद मामला दर्ज कर ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
दूसरी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे परिवार के लोग
कोटड़ी थाना ASI गणपत लाल के अनुसार
कांटी गांव के रहने वाला 30 वर्षीय भैरुनाथ पुत्र बंशीलाल, उसकी पत्नी समता (28), उसकी मां हीरा देवी (55) और उसकी 5 साल की बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर शनिवार की रोज दोपहर 2 बजे कोटड़ी जा रहे थे। थलेड़ा चौराहे के पास उनकी बाइक खराब हो गई तो सड़क किनारे ही रुककर दूसरी गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सभी को कुचल दिया।
झाड़ियों में जा गिरी 5 साल की मासूम
पुलिस के अनुसार इस हादसे में चारों लोग गंभीर घायल हो गए। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि 5 साल की मासूम बच्ची टक्कर के बाद उछलकर झाड़ियों में जा गिरी। आसपास के लोगों ने घायलों को कोटड़ी अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों की भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टर्स ने भैरुनाथ और उसकी बेटी रिया को मृत घोषित कर दिया।
सास हीरा देवी और बहु समता के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। दोनों का फिलहाल इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने मृतक के भाई कैलाश योगी की रिपोर्ट पर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर दिया है। पुलिस हादसे की जांच पड़ताल में जुटी है।
