बालोतरा जिले के मंडली थाना क्षेत्र के ऐकड़ली गांव में होली की रात कुल्हाड़ी और लाठी से वार कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

आरोपियों ने 2 मार्च की रात को होलिका दहन के बाद घर लौट रहे 3 युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते हमला किया था। तीनों घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। जहां सूरज नामक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक के भाई ने दर्ज करवाया हत्या का मामला
मृतक के भाई रामचंद्र ने 3 मार्च को पुलिस को रिपोर्ट सौंपकर बताया था कि उसका भाई सूरज, परिवार के सदस्य धनाराम, भागीरथ, राणाराम और अणदा राम होली मनाकर घर लौट रहे थे। उसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसके भाई समेत अन्य लोगों पर हमला बोल दिया। घायलों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल ले जाया गया। जहां सूरज की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने की जांच पड़ताल
पुलिस के अनुसार 2 मार्च की रात करीब साढ़े दस बजे ऐकड़ली गांव में झगड़े की सूचना मिली थी। मंडली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल में सामने आया कि होलिका दहन से लौटने के दौरान सवाई राम और अन्य आरोपियों ने सूरज पुत्र भंवराराम, धन्नाराम पुत्र धूड़ाराम, भागीरथ पुत्र धन्नाराम को रास्ते में रोककर हमला कर दिया। घायलावस्था में तीनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां सूरज की इलाज के दौरान मौत हो गई।

हत्या के आरोप में 9 गिरफ्तार
युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी सवाई राम, जेठाराम दोनों बंशीलाल, बंशीलाल पुत्र सुखाराम, भैराराम पुत्र खेताराम, दौलाराम, मांगीलाल, हेमाराम, भोमाराम पुत्र भैराराम और रूपाराम पुत्र धन्नाराम निवासी ऐकड़ली को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पिता और उसके 4 बेटे शामिल थी।

पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट के पेश पर रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।