बाड़मेर।
पश्चिमी राजस्थान में इन दिनों गर्मी का तेज असर देखने को मिल रहा है। बाड़मेर में गर्मी का पर लगातार बढ़ता जा रहा है भीषण गर्मी के चलते आम जन जीवन भी प्रभावित हो रहा है। तेज गर्मी और हीट वेव की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने स्कूल आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मनरेगा के कार्यों के समय में बड़ा बदलाव किया है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि बाड़मेर जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा प्री प्राईमरी,कक्षा 1 से 8 तक तथा आंगनबाड़ी केन्द्रो के विद्यार्थियों के लिए 25 अप्रैल से अग्रिम आदेश तक समय प्रातः 07:30 से 11:30 बजे तक किया गया है। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णसिंह महेचा ने बताया कि इस दौरान संबंधित विद्यालयों में कार्यरत शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कार्मिको को पूर्ववत विभागीय समयानुसार उपस्थिति देनी होगी l इस आदेश की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है l
तेज गर्मी के मद्देनजर मनरेगा कार्यों का समय बदला: तेज गर्मी को देखते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के निर्देशानुसार बाड़मेर एवं बालोतरा जिले में मनरेगा कार्यों का समय परिवर्तित करते हुए प्रातः 6 से दोपहर 1 बजे किया गया है। इसमें विश्राम काल की अवधि शामिल नहीं है। अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि गर्मी के दृष्टिगत मनरोगा कार्यों का समय प्रातः 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि यदि कोई श्रमिक समूह समय से पूर्व निर्धारित टास्क के अनुसार कार्य पूर्ण कर लेता है तो वह कार्य की माप मेट के पास उपलब्ध मस्टररोल में अंकित टास्क प्रपत्र में करवाने एवं समूह के मुखिया के हस्ताक्षर के उपरांत एनएमएमएस की निर्धारित प्रकियानुसार दूसरी पारी की हाजरी अंकन उपरांत कार्य स्थल छोड़ सकता है। उन्होंने बताया कि कार्य समय परिवर्तन की व्यवस्था की क्रियान्विति तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।
