पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर शहर के सेंट पॉल स्कूल रोड पर बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कॉर्पियो और बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए 8–10 नकाबपोश बदमाशों ने एक दुकान पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने लाठी-डंडों से दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद युवक के साथ मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया।
घटना का 52 सेकेंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो कैंपर गाड़ियां नजर आ रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कैंपर से नकाबपोश बदमाश उतरते हैं और सीधे दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर देते हैं, फिर मौके से फरार हो जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच पहले विवाद हुआ था, जो बढ़ते-बढ़ते दुकान तक पहुंच गया। एक पक्ष मौके से भाग गया, जबकि दूसरे पक्ष का हिमताराम घायल हो गया।
घायल हिमताराम ने बताया कि उसकी “न्यू बजरंग प्रोविजन” नाम से दुकान है। रात के समय अचानक कैंपर और स्कॉर्पियो में सवार बदमाश आए और बिना कुछ कहे तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। उसने बताया कि हमलावरों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
रीको थाने के एसआई लूणदान के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान में नुकसान हुआ था और घायल युवक का मेडिकल करवाया गया। पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।