बाड़मेर।



बाड़मेर में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए सेवानिवृत प्रधानाचार्य भामाशाह रमेश चंद्र राठी द्वारा जिला चिकित्सालय में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की सुविधा हेतु वाटर कूलर भेंट किया गया। यह पहल गर्मी के इस कठिन समय में मरीजों के लिए बड़ी राहत प्रदान करेगी।

इस अवसर पर राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय संलग्न चिकित्सालय, बाड़मेर के प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह गुर्जर, अधीक्षक डॉ. हनुमान राम चौधरी, प्रो. डॉ. गिरीश कुमार, नर्सिंग अधीक्षक राजेंद्र कड़वासरा, चंदन दान देथा, सीता राम, प्रवीण राव, देरा राम, गिरधर सिंह सोढा, जोगेंद्र कुमार माली, दिलीप त्रिवेदी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह गुर्जर ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना संभव हो पाता है और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बल मिलता है।

भामाशाह रमेश चंद्र राठी ने कहा कि भीषण गर्मी में अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को ठंडे और स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे भी समाजहित में ऐसे कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अधीक्षक डॉ. हनुमान राम चौधरी एवं नर्सिंग अधीक्षक राजेंद्र कड़वासरा ने भामाशाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी और समाज में सकारात्मक संदेश देगी।

अस्पताल प्रशासन ने इस सराहनीय कार्य के लिए भामाशाह का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से आमजन को सीधे लाभ मिलता है और चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होती हैं।