राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार दोपहर बाद कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। खासतौर पर जोधपुर और कोटा संभाग में मौसाम बदला, जिससे भीषण गर्मी और हीटीवेव से लोगों को राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने गुरुवार के लिए 8 जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे आने वाले 24 घंटों में मौसम के और सक्रिय रहने की संभावना है।
 चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म, कई शहरों में गिरा पारा
पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों में सुबाह से दोपहर तक मौसम साफ रहा, लेकिन तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई।
चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा 43.4°C तापमान दर्ज हुआ।
बाड़मेर (42°C), जैसलमेर (42.6°C), कोटा (41.3°C), बीकानेर (41.4°C) जैसे शहरों में भी गर्मी बनी रही।
वहीं श्रीगंगानगर, सीकर, पिलानी समेत 10 से ज्यादा शहरों का पारा 40°C से नीचे आ गया।
 जयपुर में उमस भरी गर्मी, बादलों का असर
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम 28.7°C दर्ज हुआ। हल्के बादलों के चलते दिनभर उमस बनी रही, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हुआ।
बाड़मेर में ओलों की सफेद चादर
रेगिस्तानी बाड़मेर में मौसम ने अलग ही रंग दिखाया। बायतु उपखंड के भोजासर क्षेत्र में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे जमीन पर सफेद चादर सी बिछ गई। कुछ इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई।
यहां दिन का तापमान 1 डिग्री गिरकर 42°C पहुंचा, जबकि रात का तापमान 28.4°C दर्ज हुआ।
 आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार:
अगले 24 घंटे तापमान स्थिर रह सकता है
आंधी और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है
गर्मी से अस्थायी राहत बनी रहेगी
दरअसल, अप्रैल के शुरुआती दिनों में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से बारिश होती रही, लेकिन महीने के मध्य के बाद गर्मी ने जोर पकड़ा। इस सीजन में बाड़मेर का तापमान 46.3°C तक पहुंच चुका है, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।