भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) उदयपुर की टीम ने मांडवा एसएचओ और कांस्टेबल को 8 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। 8 लाख की रिश्वत राशि NDPS एक्ट के मामले में 4 लोगों को आरोपी नहीं बनाने की एवज में ली जा रही थी।

जानकारी के मुताबिक मांडवा थाने के SHO निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भालाराम ने NDPS के मामले में 4 युवकों को आरोपी नहीं बनाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। ACB डीआईजी रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में उदयपुर ACB थानाधिकारी सोनू शेखावत और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम देते हुए दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

धमकाने का आरोप
ACB थानाधिकारी सोनू शेखावत ने बताया कि मांडवा थानाधिकारी निर्मल कुमार और कांस्टेबल भालाराम पीड़ित पक्ष से 20 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। वहीं रुपए नहीं देने पर चारों को आरोपी बनाने का कहकर धमका रहे थे।

इसी से परेशान होकर पीड़ित ने एसीबी को शिकायत दी। जिसके बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई का जाल बिछाया और थाने में ही 8 लाख की रिश्वत लेते थानाधिकारी और कांस्टेबल दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।