बाड़मेर के शिव में भारी हंगामा: अधिकारियों की स्कॉर्पियो के पीछे दौड़े किसान, वीडियो वायरल
बाड़मेर। राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर जिले के शिव थाना क्षेत्र में शनिवार को एक विंड एनर्जी कंपनी और किसानों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मौखाब गांव में पवन चक्की (विंड मिल) लगाने पहुंचे स्टर्लिंग एंड विल्सन कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को किसानों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मामला इतना बढ़ गया कि एक किसान ने खुद पर पेट्रोल डालकर जान देने की कोशिश की, वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने कंपनी के अफसरों को थप्पड़ मारकर मौके से खदेड़ दिया।
बिना अनुमति खेत में घुसने का आरोप; किसान ने की आत्मदाह की कोशिश
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी प्रशासन बिना किसी वैध अनुमति के उनके खेतों और गोचर भूमि पर जबरन कब्जा कर विंड मिल और टर्बाइन लगाने की कोशिश कर रहा है। शनिवार शाम करीब साढ़े 4 बजे जब कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर और कर्मचारी ट्रेलरों में पंखे और मशीनरी लेकर मौखाब गांव पहुंचे, तो किसानों ने उन्हें रोक दिया।
किसान श्रवणसिंह ने बताया, "मेरे निजी खेत में मेरी मर्जी के बिना विंडमिल लगाई जा रही थी। जब मैंने विरोध किया तो कंपनी के लोग जबरदस्ती करने लगे। मजबूरी में मुझे आत्मघाती कदम उठाना पड़ा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने मुझे बचा लिया।"
38 सेकंड का वीडियो वायरल: हेलमेट फेंके और जड़े थप्पड़
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बहसबाजी के बाद बात हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्साए किसानों ने कंपनी अधिकारियों के सेफ्टी हेलमेट फेंक दिए और उन्हें थप्पड़ जड़े। विवाद बढ़ता देख अधिकारी और कर्मचारी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर मौके से भाग निकले।
कंपनियों पर मनमानी का आरोप: पहले भी हुआ था विवाद
इलाके में स्टर्लिंग एंड विल्सन और वांकल पावर एलएलपी जैसी कंपनियां सौर और पवन ऊर्जा पर काम कर रही हैं। किसानों का कहना है कि कंपनियों ने ओरण, गोचर और मगरा जमीन पर केवल आवाजाही की अनुमति मांगी थी, लेकिन वहां पक्का निर्माण या सड़क बनाने की मंजूरी कलेक्टर की ओर से नहीं दी गई है। इसके बावजूद कंपनी लगातार निर्माण कार्य करने का प्रयास कर रही है, जिसका विरोध 14 मार्च को भी हुआ था।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई: जांच जारी
शिव थानाधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी और किसान पक्ष के बीच मारपीट की सूचना मिली है। कंपनी के लोग रिपोर्ट दर्ज करवाने थाने आए हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और मौके पर शांति बनाए रखने की कोशिश जारी है।
