राजस्थान के प्रतापगढ़ में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पति -पत्नी समेत 3 लोगों की मौत हो गई। तीनों प्रतापगढ़ से समूह लोन के बारे में जानकारी जुटाकर अपने घर लौट रहे थे। हादसा बांसवाड़ा - चितौड़गढ़ नेशनल हाइवे पर दोपहर करीब 2:30 बजे कचोटिया गांव के पास हुआ।
इसी दौरान मुर्गियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। पिकअप गाड़ी हाईवे से उतरकर पलटी खा गई। हादसे में बाइक सवार पति -पत्नी, एक युवक और पिकअप चालक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सुहागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान बाइक सवार जीवन, उसकी पत्नी चंपा और गुड्डू नामक युवक की मौत हो गई। पिकअप चालक को मध्यप्रदेश के मंदसौर में इलाज के लिए रेफर किया गया है।
बाइक पर सवार थे तीनों
सुहागपुरा थानाधिकारी मनीष वैष्णव के मुताबिक नेशनल हाइवे 56 पर पिकअप और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पीपलखूंट के डुंगला वाणी निवासी 40 वर्षीय जीवन मीना, उसकी पत्नी चंपा (37) और जीवन के दोस्त गुड्डू (26) की मौत हो गई। तीनों बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। बांसवाड़ा से प्रतापगढ़ की ओर जा रही पिकअप गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। मुर्गियों से भरी पिकअप हाइवे से उतरकर अल खेत के पलट गई। पिकअप ड्राइवर भी घायल है। उसे इलाज के लिए मंदसौर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां बाइक सवार तीनों (पति -पत्नी और गुड्डू नामक युवक) की मौत हो गई। पिकअप चालक असलम गंभीर घायल है। उसको इलाज के लिए रेफर किया है। जो मुर्गियों की सप्लाई का काम करता है।
एक दिन पहले ही गुड्डू बना था पिता
मृतक गुड्डू के भतीजे सोहनलाल ने बताया कि गुड्डू जीवन के ही पड़ोस में रहता था। तीनों रविवार को समूह लोन के बारे में जानकारी लेने के लिए प्रतापगढ़ गए थे और वहीं से लौट रहे थे। उसी दौरान ये हादसा हुआ। गुड्डू चार भाईयों में सबसे छोटा था। उसे कल ही बेटा हुआ था।
बच्चों के सिर से उठा माता - पिता का साया
जीवन के दो बेटे और 2 बेटी है। जीवन के दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। एक भाई की बेटी जीवन के परिवार के साथ ही रहती थी। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
