बाड़मेर


सरहद पार लाई गई ड्रग खेप के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार , एटीएस ओर पुलिस ने की बड़ी कार्यवाही

सीमावर्ती बाड़मेर जिले में राजस्थान एटीएस और बाड़मेर पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से लाई गई करीब 5 किलो आइस क्रिस्टल ड्रग बरामद करने के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार करने की महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। 

बरामद की गई ड्रग की कीमत 25 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को डिटेन भी किया है। मंगलवार को बाड़मेर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट और एटीएस पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।

गुजरात एटीएस की सूचना पर बाड़मेर में राजस्थान एटीएस ओर बाड़मेर पुलिस ने सदर थाना इलाके में नाकाबंदी कर संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से लाई गई ड्रग की खेप के तस्कर सलमान और शंकर राम को गिरफ्तार किया है। नाकेबंदी के दौरान बाड़मेर की तरफ से आ रही संदिग्ध ईको गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई, तो गाड़ी में बैठे आरोपियों के पास से 5 थैलियों में भरा कुल 4.980 किलोग्राम अवैध मेटाफेटामाइन बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र लालाखां और शंकरराम पुत्र रमेशराम मेघवाल निवासी सजन का पार, रामसर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी सलमान ने खुलासा किया कि उसने यह माल पाकिस्तान के थारपारकर जिले के निवासी मसात नामक व्यक्ति से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर प्राप्त किया था। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर पाकिस्तानी नंबरों से व्हाट्सएप चैट और नशीले पदार्थ की प्राप्ति के रूप में भेजे गए वीडियो भी मिले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वर्तमान में एसपी बाड़मेर चुनाराम जाट और एटीएस एसपी ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में खुफिया एजेंसियां पकड़े गए संदिग्धों से संयुक्त पूछताछ कर रही हैं, जिसमें इस नेटवर्क से जुड़े कई और सफेदपोश चेहरों के बेनकाब होने की संभावना है।

एडीजी दिनेश एमएन की आमजन से विशेष अपील : इस गंभीर खुलासे के बाद अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन ने बताया कि एटीएस की टीमें सीमा पार से आने वाले ड्रग्स, हथियार और विस्फोटक पदार्थों की बरामदगी के लिए लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को सीमा पार से भारत मे हो रही ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तस्करी के बारे में जानकारी मिले, तो वे तुरंत एटीएस को सूचित करें। श्री एमएन ने विश्वास दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। 'इन नंबरों पर दे सकते हैं जानकारी एटीएस कंट्रोल रूम. 90019-99070