पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान हिंसा, हमले और तकनीकी गड़बड़ियों की खबरों ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है। कई जगहों पर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं, वहीं भाजपा नेताओं को निशाना बनाए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
दक्षिण मिदनापुर के कुमारगंज सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर हमला किया गया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि वह भीड़ से बचने के लिए भाग रहे हैं, जबकि उनका सिक्योरिटी गार्ड उनके साथ मौजूद है। इसके बावजूद भीड़ ने उन पर हमला कर दिया।
वहीं, आसनसोल साउथ सीट से भाजपा विधायक और उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर भी हमला हुआ। यह घटना बर्नपुर के रहमतनगर इलाके में हुई, जहां उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके गए, जिससे पीछे का शीशा टूट गया। अग्निमित्रा ने बताया कि यह हमला उस वक्त हुआ जब वह एक मतदान केंद्र से बाहर निकल रही थीं। उन्होंने हीरापुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
राज्य के कई हिस्सों में भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के बीच झड़पों की खबरें सामने आई हैं।
मुर्शिदाबाद के नौदा इलाके में वोटिंग से पहले देर रात देसी बम फेंके जाने की घटना भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इसके बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे, जहां उनका विरोध हुआ और TMC कार्यकर्ताओं के साथ उनकी झड़प हो गई। इसके बाद उन्होंने धरना शुरू कर दिया और पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया।
इधर, मालदा के एक बूथ पर EVM खराब होने से हंगामा हो गया। नाराज मतदाताओं ने चुनाव अधिकारियों को घेर लिया और अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
 वोटिंग अपडेट
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर मतदान जारी
तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर भी वोटिंग
दोपहर 1 बजे तक:
बंगाल: 62.18% मतदान
तमिलनाडु: 56.81% मतदान
राज्यभर में सुबह से ही पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें देखी गईं, खासकर महिलाओं की भागीदारी ज्यादा नजर आई। चुनाव आयोग द्वारा वेबकास्टिंग के जरिए निगरानी की जा रही है।
बंगाल में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। राज्य की बाकी 142 सीटों पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।