सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को घरों में कैद कर दिया। सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर चुभती धूप का असर साफ नजर आया, जबकि दोपहर होते-होते शहर के प्रमुख इलाके—विवेकानंद सर्कल, स्टेशन रोड और अन्य मुख्य चौराहों पर अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात बन गए। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकले।
गर्मी का असर अब रातों में भी दिखने लगा है। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही। लगातार बढ़ती गर्मी के चलते बाजारों में कूलर और एसी की मांग अचानक बढ़ गई है। जहां मध्यम वर्ग पुराने कूलरों की मरम्मत करवा रहा है, वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर नए एसी की बुकिंग तेजी से बढ़ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। अगले चार दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है, जिससे तापमान में और इजाफा होगा। अनुमान है कि पारा जल्द ही 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है, जिससे हीटवेव का खतरा और गहरा जाएगा।
