पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले के आडेल गांव में स्थित सर्किल पार लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर टूटने का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मोके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात को आडेल सर्किल की रेलिंग और उस पर लगी अंबेडकर की तस्वीर टूटकर नीचे गिर गई थी। सुबह जैसे ही लोगों को इसकी सूचना मिली, वे आक्रोशित हो गए और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को देखते हुए लोगों ने सर्किल पर ही टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की। इस दौरान बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट, एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि किसी वाहन की टक्कर से सर्किल और तस्वीर को नुकसान पहुंचा है। हालांकि पुलिस इस एंगल के साथ-साथ अन्य संभावनाओं की भी जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
प्रदर्शनकारियों की मांग को देखते हुए प्रशासन ने तहसीलदार और बीडीओ की एक कमेटी गठित की है, जो सर्किल के पुनर्निर्माण और नई प्रतिमा लगाने का कार्य देखेगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद धरने पर बैठे लोग शांत हो गए और फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है।