राजस्थान में इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 88 हजार 118 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें 50 हजार 354 छात्र और 37 हजार 564 छात्राएं शामिल थीं। रिजल्ट में छात्राओं ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली। प्रदेश में 42 हजार 427 छात्र पास हुए, जबकि 34 हजार 42 छात्राएं सफल रहीं। इसके अनुसार छात्रों का पास प्रतिशत 84.26 फीसदी और छात्राओं का रिजल्ट 90.14 फीसदी दर्ज किया गया।
इस बार CBSE रिजल्ट को लेकर एक नया रिकॉर्ड भी देखने को मिला। पहली बार ऐसा हुआ जब 12वीं बोर्ड का रिजल्ट 10वीं के परिणाम के बाद जारी किया गया। इससे पहले 10वीं का रिजल्ट 15 अप्रैल को घोषित किया गया था। बोर्ड ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया में ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम का उपयोग किया, जिसके चलते परीक्षा परिणाम 52 दिनों में जारी किया गया। हालांकि पिछले साल बोर्ड ने 49 दिनों में ही परिणाम जारी कर दिया था।
बाड़मेर की सुमन की सफलता को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। परिजनों का कहना है कि सुमन ने नियमित अध्ययन और अनुशासन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
