राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर राजस्थान में दर्ज किया गया। इस बार जैसलमेर 46.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश में सबसे ऊपर रहा। इससे पहले लगातार तीन दिनों तक बाड़मेर सबसे गर्म शहर बना हुआ था। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं।
मौसम केंद्र जयपुर ने गुरुवार को भी गर्मी को लेकर बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के 13 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप और बढ़ सकता है।
इधर, पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार को बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में मौसम ने करवट ली। श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर सहित कई इलाकों में तेज आंधी, हल्की बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। श्रीगंगानगर में दोपहर बाद रेत का तूफान भी देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह राजस्थान को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। आने वाले दिनों में तेज गर्मी के साथ लू का दौर जारी रहेगा। हालांकि कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्के बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
बाड़मेर — अधिकतम 45.2°C | न्यूनतम 31.5°C
जैसलमेर — अधिकतम 46.1°C | न्यूनतम 29.6°C
जोधपुर — अधिकतम 44.7°C | न्यूनतम 30.3°C
बीकानेर — अधिकतम 45.2°C | न्यूनतम 30°C
लोगों को दी गई सावधानी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्क रहने को कहा गया है।