500 करोड़ की लागत से बदलेगा जोधपुर रेलवे स्टेशन, महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने जोधपुर स्टेशन के 500 करोड़ के री-डेवलपमेंट कार्यों का निरीक्षण किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर जोधपुर पहुंचे। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर उनके आगमन पर जोधपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने जोधपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे मेगा री-डेवलपमेंट कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से कार्यों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के समय उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, समय पर कार्य पूर्ण करने और यात्रियों को मिलने वाली भविष्य की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से जोधपुर स्टेशन को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। इस परियोजना में पुरानी सुविधाओं को हटाकर नई और अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। स्टेशन के पुनर्विकास में जोधपुर की सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। स्टेशन पर एयरकंडीशन्ड कॉन्कोर्स, मल्टीलेवल कार पार्किंग और अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 के निर्माण से भविष्य में ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ेगी। कोचिंग डिपो और मेंटेनेंस डिपो के विकास से रेल परिचालन को और मजबूत किया जाएगा।
महाप्रबंधक ने मंडल कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जोधपुर मंडल की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में संरक्षा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने प्रस्तुति के माध्यम से चल रहे कार्यों का विवरण साझा किया।
इसके बाद महाप्रबंधक ने मंडल रेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी और अस्पताल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।