टोंक में शादी की खुशियां बदली मातम में,DJ की गाड़ी के बैक लेते समय 4बच्चों सहित 5 को कुचला

टोंक के गोल डूंगरी में शादी की बिंदौली के दौरान डीजे की पिकअप अचानक बैक होने से 4 बच्चों समेत 5 लोग कुचल गए। हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई और 3 लोग घायल हैं।

Feb 18, 2026 - 18:23
टोंक में शादी की खुशियां बदली मातम में,DJ की गाड़ी के बैक लेते समय 4बच्चों सहित 5 को कुचला

राजस्थान के टोंक जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोल डूंगरी इलाके में बुधवार शाम करीब 4 बजे शादी की बिंदौली के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। डीजे पर नाचते-गाते लोगों के बीच डीजे की पिकअप अचानक बैक होने लगी और वहां मौजूद 4 बच्चों समेत 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं।

थाना प्रभारी जयमल सिंह के अनुसार, गोल डूंगरी निवासी सागर कीर की 19 फरवरी को शादी है। बुधवार को घर से बिंदौली निकाली जा रही थी। डीजे बज रहा था और बच्चे, महिलाएं व पुरुष घर के बाहर डांस कर रहे थे। इसी दौरान डीजे की पिकअप चला रहे ड्राइवर ने वाहन को आगे बढ़ाने की बजाय अचानक पीछे ले लिया। पीछे खड़े लोग संभल पाते, उससे पहले ही वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

हादसे में कुलदीप (8) पुत्र रामकिशोर और दिलखुश (10) पुत्र पप्पू की मौत हो गई। वहीं अंता (34), ऊषा (8) और नेहा (7) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों का इलाज सआदत अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद लोग पिकअप के नीचे फंसे बच्चों और घायलों को खींचकर बाहर निकालने लगे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और शादी का माहौल मातम में बदल गया।

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने पिकअप ड्राइवर की पिटाई कर दी। इस दौरान आसपास बच्चों की रोने की आवाजें गूंजती रहीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ जारी है।