उदयपुरवाटी घाट के पास डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के काफिले से टकराई कार, बड़ा हादसा टला

उदयपुरवाटी घाट पर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के काफिले में घुसी तेज रफ्तार कार, मंत्री सुरक्षित

Feb 14, 2026 - 14:40
उदयपुरवाटी घाट के पास डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के काफिले से टकराई कार, बड़ा हादसा टला

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के काफिले के साथ शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। उदयपुरवाटी घाट के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक काफिले में घुस गई, जिससे एक वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा गंभीर हो सकता था, लेकिन राहत की बात यह रही कि डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई। यह घटना उस समय हुई जब उपमुख्यमंत्री का काफिला झुंझुनूं जिले की ओर बढ़ रहा था। उदयपुरवाटी घाट के पास एक तेज गति से आ रही कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे काफिले में शामिल वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। सुरक्षा कर्मियों ने सबसे पहले उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित की और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने संबंधित वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी के दौरे पर जा रहे थे। यहां उन्हें एक निजी शिक्षण संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होना था। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह करीब 10:30 बजे गुढ़ागौड़जी पहुंचने वाले थे और दोपहर 12:30 बजे जयपुर लौटने का कार्यक्रम था। हादसे के बावजूद उनके कार्यक्रम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया।

हादसे से कुछ समय पहले डिप्टी सीएम का काफिला रींगस में रुका था। एनएच-52 पर सालासर होटल के सामने स्थानीय विधायक सुभाष मील के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी दुपट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाखा कुमावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेंद्र भातरा, आयुष कानूनगो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।