बाड़मेर में किराए के मकान में कृषि सुपरवाइजर ने लगाया फंदा
बाड़मेर के रीको थाना क्षेत्र के गंगाई नगर में कृषि सुपरवाइजर राकेश कुमार ने किराए के मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसी जब सब्जी देने पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से झांककर देखा
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में रीको थाना इलाके में गुरुवार रात एक कृषि सुपरवाइजर द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना गंगाई नगर क्षेत्र की है, जहां युवक किराए के मकान में अकेला रह रहा था। दरवाजा नहीं खोलने पर पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह पंखे के हुक से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस के अनुसार राकेश कुमार, निवासी रायसिंगपुरा, श्रीगंगानगर, वर्तमान में बाड़मेर जिले के शिवकर में कृषि पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) पद पर कार्यरत था। वह गंगाई नगर में किराए के मकान में रहता था।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 6 बजे वह घर लौटा था और उस समय घर में अकेला था।
रोज की तरह पड़ोसी रात करीब साढ़े नौ बजे उसे सब्जी देने पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए राकेश पंखे के हुक से फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही डीएसपी रमेश कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर कमरे से तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।
डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का है। मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
मकान मालिक कमलाराम के अनुसार राकेश अपनी पत्नी और मां के साथ यहां किराए पर रहता था, लेकिन पिछले करीब 15 दिनों से वह अकेला रह रहा था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है।