बाड़मेर कांग्रेस में बड़ी हलचल दिल्ली में अमीन खान, मेवाराम और गोपाराम का डेरा क्या बदलने वाले हैं समीकरण

बाड़मेर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमीन खान, मेवाराम जैन और गोपाराम मेघवाल इन दिनों दिल्ली में सक्रिय होकर पार्टी नेतृत्व से मुलाकातें कर रहे हैं।

Feb 13, 2026 - 13:53
बाड़मेर कांग्रेस में बड़ी हलचल दिल्ली में अमीन खान, मेवाराम और गोपाराम का डेरा  क्या बदलने वाले हैं समीकरण

बाड़मेर कांग्रेस की राजनीति में इन दिनों जबरदस्त खींचतान और सक्रियता देखने को मिल रही है। बाड़मेर कांग्रेस का एक नया गुट पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के सियासी गलियारों में पूरी तरह सक्रिय है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को ग्राउंड फीडबैक देने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री अमीन खान, गोपाराम मेघवाल और मेवाराम जैन ने दिल्ली में डेरा डाल रखा है।

बड़े दिग्गजों से मुलाकातों का दौर

हाल ही में इस गुट ने गुजरात कांग्रेस के प्रभारी मुकुल वासनिक से शिष्टाचार मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, यह गुट अब तक कई राष्ट्रीय पदाधिकारियों से संवाद कर चुका है। चर्चा है कि आज शाम कांग्रेस के एक बेहद कद्दावर राष्ट्रीय नेता के साथ इनकी महत्वपूर्ण बैठक हो सकती है, जिसे बाड़मेर की स्थानीय राजनीति के लिहाज से "गेम चेंजर" माना जा रहा है।

बदलते समीकरण और पुरानी दूरियां

कुछ दिनों पहले ही अमीन खान की हरीश चौधरी से हुई मुलाकात ने सियासी गलियारों में कयासों का दौर शुरू किया था। वहीं, दिल्ली कूच से पहले अमीन खान और मेवाराम जैन ने जयपुर में गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी लंबी चर्चा की थी।

खास बात: वर्तमान में इन दोनों दिग्गज नेताओं ने बाड़मेर के स्थानीय जिला संगठन से दूरी बना रखी है। ऐसे में दिल्ली की इन मुलाकातों को सीधे तौर पर संगठन में वर्चस्व की लड़ाई से जोड़कर देखा जा रहा है।

निकाय और पंचायती राज चुनावों पर नजर

अगले ही महीने प्रदेश में पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों का ऐलान हो सकता है। टिकट वितरण और संगठन पर पकड़ मजबूत करने के लिए यह गुट दिल्ली में अपनी ताकत झोंक रहा है।

अब देखना यह होगा कि आलाकमान के साथ होने वाली इन मुलाकातों का बाड़मेर की राजनीति और आने वाले चुनावों पर क्या असर पड़ता है। क्या दिल्ली से लौटने के बाद बाड़मेर कांग्रेस में किसी बड़े फेरबदल की स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी होगी?