नागौर में सराफा कारोबारी की चाकू से हत्या, आधी रात दुकान में हमला, बाजार बंद

नागौर के मेड़ता में आधी रात सराफा कारोबारी की चाकू से हत्या, दो कारीगर घायल, विरोध में बाजार बंद

Feb 10, 2026 - 10:44
नागौर में सराफा कारोबारी की चाकू से हत्या, आधी रात दुकान में हमला, बाजार बंद

नागौर जिले के मेड़ता शहर में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर एक सराफा कारोबारी की हत्या कर दी। बीच-बचाव में आए दो कारीगर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद शहर के सराफा व्यापारियों में भारी आक्रोश है और विरोध में मंगलवार को बाजार बंद रखने का फैसला लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह वारदात रात करीब 12:30 बजे हुई। मेड़ता शहर की ब्रह्मपुरी इलाके में स्थित एक सराफा दुकान में पंकज सोनी (40) अपने दो कारीगरों के साथ बैठे थे। इसी दौरान दो बदमाश चाकू लेकर दुकान में घुस आए और अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने पंकज सोनी पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पंकज सोनी को बचाने की कोशिश कर रहे पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर संदीप और संजय पर भी बदमाशों ने हमला किया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले मेड़ता के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए अजमेर रेफर किया गया।

घटना के बाद ब्रह्मपुरी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। देर रात बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वर्णकार समाज व्यापार संघ के अध्यक्ष धर्मीचंद सोनी ने बताया कि इस निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को सभी सराफा दुकानें बंद रखी जाएंगी। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

मेड़ता डीएसपी रामकरण सिंह मलिंडा ने बताया कि पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों की पहचान हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।