जिला कलेक्टर टीना डाबी अचानक पहुंची चौहटन जिला चिकित्सालय
जिला कलेक्टर टीना डाबी ने जिला चिकित्सालय चौहटन का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं, दवा उपलब्धता और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की।
बाड़मेर
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला कलेक्टर टीना डाबी ने सोमवार को जिला चिकित्सालय चौहटन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और सुविधाओं का गहन अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर टीना डाबी ने लेबर वार्ड, ओपीडी, प्रयोगशाला, आपातकालीन वार्ड, दवा वितरण केंद्र, डेंटल ओपीडी, टीकाकरण कक्ष, एक्स-रे कक्ष तथा मेल एवं फीमेल वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं योजनाओं का पूर्ण लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिला कलेक्टर ने राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं मां योजना, एमएनडीवाई, एमएनजेवाई एवं प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
प्रयोगशाला में संचालित 53 प्रकार की जांचों की जानकारी लेते हुए उन्होंने जांच प्रक्रिया को और सुचारु बनाने के लिए एक अतिरिक्त सीबीसी मशीन स्थापित करने के निर्देश दिए। वहीं एक्स-रे कक्ष में प्रतिदिन हो रही 40 से अधिक जांचों की समीक्षा करते हुए मरीजों को समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र मरीजों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीकाकरण कक्ष में टीकाकरण लक्ष्यों की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
दवा वितरण केंद्र के निरीक्षण में प्रतिदिन उपलब्ध 753 प्रकार की दवाओं की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को अस्पताल से ही शत-प्रतिशत दवाएं उपलब्ध हों।