दारू रखी है तो चखना भी रखो..." जैसलमेर में चोरी के बाद चोर के इन अजीबोगरीब मैसेज ने उड़ाए पुलिस के होश।

जैसलमेर में चोरी की अनोखी वारदात, चोर के छोड़े संदेश बने सोशल मीडिया पर चर्चा।

Feb 2, 2026 - 00:14
दारू रखी है तो चखना भी रखो..." जैसलमेर में चोरी के बाद चोर के इन अजीबोगरीब मैसेज ने उड़ाए पुलिस के होश।

जैसलमेर जिले में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। यह घटना सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं रही, बल्कि चोर ने घर के अंदर दीवारों और कागज़ों पर लिपस्टिक व पेन से कई अजीबोगरीब संदेश भी लिखे। लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। कई लोग इसे जैसलमेर पुलिस के लिए एक चुनौती मान रहे हैं।

दीवार पर लिखा संदेश बना चर्चा का कारण

चोर ने घर के अंदर लिपस्टिक से दीवार पर जो संदेश लिखा, वही सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हुआ। उसने लिखा– “सॉरी, थाने के चक्कर काटने से वक्त बर्बाद होगा। – बिहारी बाबू” इस संदेश ने लोगों को हैरान कर दिया। चोरी जैसी गंभीर वारदात में इस तरह का मज़ाकिया अंदाज़ देखकर लोग चौंक भी रहे हैं और हैरानी भी जता रहे हैं।

कागज़ों पर छोड़े कई मज़ाकिया नोट

चोर ने सिर्फ दीवार ही नहीं, बल्कि घर के कागज़ों पर भी कई टिप्पणियां लिखी। एक नोट में उसने शराब का जिक्र करते हुए लिखा–“ऐसे घर में दारू रखेंगे तो चखना भी रखना।” इस तरह का कथित ‘सलाहनुमा’ संदेश सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।

एक अन्य कागज़ पर चोर ने घरवालों की पेन से लिखते हुए कहा– “आपकी सुंदर पेन से लिख रहा हूं। मैंने तुम्हारा अन्न खाया है, आनंद आया। मजबूरी ने पहली बार ऐसा काम करवाया है। जिंदा रहा तो एहसान नहीं भूलूंगा। धन्यवाद – बिहारी बाबू।” इस संदेश से साफ दिखता है कि चोर खुद को मजबूर बताने की कोशिश कर रहा था और साथ ही मजाकिया लहजा भी बनाए रखा।

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार अपने विचार साझा कर रहे हैं। कुछ लोग इसे ‘फिल्मी चोरी’ बता रहे हैं, तो कुछ इसे पुलिस के लिए चुनौती मान रहे हैं। कई यूज़र्स ने चोर के संदेशों को अजीब, मजेदार और विचित्र करार दिया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोर की पहचान की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।