स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस में पहियों के पास लगी आग, पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस में पहियों से धुआं निकलने पर इमरजेंसी ब्रेक लगे, 20 मिनट रुकी ट्रेन

Feb 8, 2026 - 11:57
स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस में पहियों के पास लगी आग, पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

दिल्ली से जैसलमेर आ रही स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस में सुबह अफरा-तफरी मच गई जब ट्रेन के एक कोच के पहियों के पास से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। लोको पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। पायलट की इस सूझबूझ और समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन अपने निर्धारित समय पर जैसलमेर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 8 बजे जेठा-चांधन स्टेशन के बीच लोको पायलट की नजर एक कोच के नीचे पहियों के पास उठ रहे धुएं पर पड़ी। धुआं देखते ही पायलट ने बिना देरी किए इमरजेंसी ब्रेक लगाए और ट्रेन को तुरंत रोक दिया। ट्रेन के रुकते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया।

ट्रेन के अचानक रुकने और पहियों के पास आग की आशंका के चलते कई यात्री घबरा गए। कुछ यात्रियों ने सुरक्षा के डर से कोच से नीचे उतरना शुरू कर दिया। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

ट्रेन रुकते ही रेलवे का तकनीकी स्टाफ और गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे। अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। प्राथमिक जांच के बाद यह सामने आया कि आग ब्रेक रबर में अधिक घर्षण के कारण लगी थी।

रेलवे की ओर से आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, जानकारों का कहना है कि यह घटना ‘ब्रेक बाइंडिंग’ की वजह से हो सकती है। इस स्थिति में ब्रेक शू पहियों से चिपक जाते हैं, जिससे लगातार घर्षण पैदा होता है और रबर के हिस्सों में आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। घटना के बाद ट्रेन को सुरक्षा जांच के उपरांत करीब 20 मिनट बाद जैसलमेर के लिए रवाना कर दिया गया।