पचपदरा में बाड़े और छप्पर से अफीम–डोडा पोस्त बरामद, दो सप्लायर गिरफ्तार
पचपदरा पुलिस ने ऑपरेशन विषभंजन के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अफीम, निर्मित अफीम और 4.320 किलो डोडा पोस्त जब्त कर दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है।
पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा जिले की पचपदरा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन विषभंजन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से अफीम, निर्मित अफीम और डोडा पोस्त जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने दो सप्लायरों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पचपदरा थाने के अधिकारी अचलाराम ने बताया कि बालोतरा एसपी के निर्देशन में पचपदरा और मंडली थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। टीम को सूचना मिली थी कि मालाराम पुत्र लिखमाराम, निवासी दूदवा लाच्छार, अवैध रूप से अफीम बेचने का काम करता है और अपने घर व पास बने बाड़े में मादक पदार्थ छुपाकर रखता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान ढाणी के पास बने बाड़े से छुपाकर रखी गई दो अलग-अलग पॉलिथीन में 329 ग्राम अफीम का दूध तथा एक थैली में रखी 262 ग्राम निर्मित अफीम बरामद की गई। मौके से आरोपी मालाराम को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई में मंडली व पचपदरा थाना पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि गणेश कुमार पुत्र लुंभाराम, निवासी कुम्हारों की ढाणी, खटू, अपने घर पर अवैध डोडा पोस्त की सप्लाई करता है। थानाधिकारी किरण कुमार मय जाब्ता ने पचपदरा एएसआई बांकाराम के साथ आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर के पास बने चारे के छप्पर से करीब 4.320 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी गणेश कुमार को मौके से गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया है।