स्कूल में ज्वॉइनिंग पर बवाल: महिला टीचर–प्रिंसिपल विवाद का ऑडियो वायरल
बाड़मेर के सरकारी स्कूल में ज्वॉइनिंग को लेकर महिला टीचर और प्रिंसिपल की बहस, ऑडियो के बाद जांच शुरू
बाड़मेर के एक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में महिला शिक्षक के कार्यग्रहण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। स्कूल में ज्वॉइनिंग की अनुमति को लेकर महिला टीचर और प्रिंसिपल के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला अपशब्दों और धमकी भरे संवाद तक पहुंच गया। इस पूरे घटनाक्रम का करीब साढ़े चार मिनट का एक ऑडियो भी सामने आया है, जिसके बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। ऑडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीचर का आरोप: अपमान और धमकी दी गई
महिला टीचर का कहना है कि वह स्कूल में कार्यग्रहण की स्वीकृति लेने पहुंची थी। इसी दौरान प्रिंसिपल से बहस हो गई। उनका आरोप है कि प्रिंसिपल ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। टीचर के अनुसार, पहले भी 23 जनवरी को इसी तरह की बहस हो चुकी थी। घटना के दौरान उन्होंने परेशान होकर मोबाइल में बातचीत रिकॉर्ड कर ली। बाद में उन्होंने व्हाट्सऐप के जरिए पुलिस को शिकायत भी भेजी, जिसके बाद पुलिस स्टाफ स्कूल पहुंचा और थाने आने को कहा।
प्रिंसिपल का पक्ष: आरोपों को बताया साजिश
वहीं प्रिंसिपल ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा है कि महिला टीचर ने पहले से योजना बनाकर ऑडियो रिकॉर्ड किया। उनके अनुसार, ज्वॉइनिंग से कभी मना नहीं किया गया था और रजिस्टर स्कूल में मौजूद था। प्रिंसिपल का दावा है कि टीचर लिखित अनुमति की जिद कर रही थी और बार-बार बहस कर रही थी, जिससे करीब एक घंटे तक माहौल खराब रहा।
सामने आए ऑडियो में दोनों के बीच तीखी बहस सुनी जा सकती है। आरोप है कि बातचीत के दौरान महिला टीचर के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया और शारीरिक हिंसा जैसी बातें भी कही गईं। हालांकि इस दौरान स्कूल के अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया।
जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम चौधरी ने बताया कि ऑडियो जिले के एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल का है। मामले की जांच करवा ली गई है और जल्द ही अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि दोषी कौन है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।