दीया कुमारी का बड़ा ऐलान महिलाओं को सुरक्षा और बच्चों को मुफ्त चश्मे!

राजस्थान बजट बहस में 238 नई घोषणाएं महिलाओं को आत्मरक्षा ट्रेनिंग और 75 हजार बच्चों को मिलेंगे फ्री चश्मे।

Feb 18, 2026 - 11:49
दीया कुमारी का बड़ा ऐलान महिलाओं को सुरक्षा और बच्चों को मुफ्त चश्मे!

जयपुर ~ राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट पेश करने के छह दिन बाद विधानसभा में अपनी बात रखी बजट बहस पर जवाब देते हुए उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए पिटारा खोल दिया और एक के बाद एक 238 नई घोषणाएं कर दीं सरकार के इस कदम से जहां विपक्ष के तीखे सवालों पर विराम लगाने की कोशिश की गई है,वहीं आम जनता विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए बड़ी सौगातें दी गई हैं। दीया कुमारी ने सदन में स्पष्ट किया कि सरकार का विजन प्रदेश के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का है उनके संबोधन में सबसे ज्यादा जोर बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा पर रहा।

महिलाओं को आत्मरक्षा का कवच और बच्चों को मुफ्त चश्मे

इस घोषणा पत्र में सबसे अहम हिस्सा प्रदेश की महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से जुड़ा है उपमुख्यमंत्री ने 'सेफ्टी ट्रेनिंग रिसॉर्स इनिशिएटिव' योजना का ऐलान किया है इस योजना के तहत राज्य की एक लाख महिलाओं और बालिकाओं को न केवल आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी जाएगी, बल्कि उन्हें मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और साइबर अपराधों से बचने के तरीके भी सिखाए जाएंगे। इसके अलावा,उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी एक बड़ा कदम उठाया गया है सरकार ने फैसला किया है कि सरकारी और निजी स्कूलों के 75 हजार बच्चों की आंखों की जांच करवाई जाएगी और जिन बच्चों को जरूरत होगी,उन्हें मुफ्त में चश्मे वितरित किए जाएंगे यह कदम उन परिवारों के लिए बड़ी राहत है जो आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की सेहत पर ध्यान नहीं दे पाते थे।

सड़कों का जाल और किसानों के लिए सुगम रास्ते

वित्त मंत्री के पिटारे में सबसे अधिक घोषणाएं बुनियादी ढांचे को लेकर रहीं कुल 238 घोषणाओं में से 133 अकेले सड़क परियोजनाओं से जुड़ी हैं। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी वहीं, किसानों की एक पुरानी समस्या का समाधान करते हुए दीया कुमारी ने बड़ी घोषणा की अब किसानों को अपने खेत तक पहुंचने के रास्ते में आने वाली सरकारी जमीन की बाधा से मुक्ति मिलेगी सरकार डीएलसी दर से दोगुनी कीमत पर 20 फीट की जमीन पट्टी उपलब्ध कराएगी,जिससे किसानों का आवागमन आसान हो सके।पर्यटन और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए मुकुंदरा टाइगर रिजर्व, रामगढ़ विषधारी और चंबल घड़ियाल सेंचुरी में सफारी सुविधाओं के विस्तार के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है साथ ही, जोधपुर के सूरसागर में हेमू कालानी स्मारक और नीमराणा में 1200 करोड़ की लागत से जलाशय निर्माण जैसी अहम परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई है।

अपने 50 मिनट के भाषण में दीया कुमारी ने न केवल विकास का रोडमैप रखा,बल्कि विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए राज्य की वित्तीय स्थिति को मजबूत बताया।