राजस्थान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा दावा- 2 साल में पूरे किए संकल्प पत्र के 72% वादे, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

सीएम भजनलाल शर्मा ने कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के कार्यकर्ताओं संग संवाद कर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और जीत का मंत्र दिया।

Feb 18, 2026 - 20:35
राजस्थान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा दावा- 2 साल में पूरे किए संकल्प पत्र के 72% वादे, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
कार्यक्रम के दौरान के फोटोज

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की दो साल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने केवल दो वर्षों के भीतर ही अपने संकल्प पत्र (चुनावी घोषणा पत्र) के 72 प्रतिशत वादों को धरातल पर उतार दिया है।

कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आज जनता का भाजपा पर जो अटूट विश्वास है, वह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है। श्री शर्मा ने आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-ढाणी तक पहुंचाएं ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी लाभ मिल सके।

बजट में भेदभाव का अंत, सभी 200 विधानसभाओं को मिला हक

पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने बजट आवंटन में भारी भेदभाव किया था, लेकिन हमारी सरकार ने प्रदेश की सभी 200 विधानसभाओं को बिना किसी पक्षपात के पर्याप्त बजट आवंटित किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने बिना वित्तीय प्रावधान के केवल चुनावी लाभ के लिए 50 से अधिक जिले घोषित कर दिए थे, जबकि हमारी सरकार अब उन जिलों में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बजट दे रही है।

पानी की समस्या का स्थाई समाधान

प्रदेश में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए सरकार की गंभीरता जताते हुए सीएम ने कहा कि राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास प्रोजेक्ट और गंगनहर की मरम्मत जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।

किसान और जनहितैषी योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने सरकार की अन्य उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि:

किसान सम्मान निधि: पीएम किसान सम्मान निधि की 6 हजार की राशि में राज्य सरकार ने 3 हजार अतिरिक्त जोड़कर इसे 9 हजार रुपये कर दिया है।

हेल्थ सेक्टर: जयपुर के जे.के. लोन अस्पताल में 500 बेड और RUHS में 200 बेड का नया पीडियाट्रिक आईपीडी वार्ड विकसित किया जा रहा है।

मेट्रो विस्तार: जयपुर मेट्रो के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

देश में अग्रणी राजस्थान

मुख्यमंत्री ने गर्व से साझा किया कि राजस्थान आज केंद्र की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में देश के टॉप राज्यों में शामिल है। प्रदेश 11 योजनाओं में पहले, 5 में दूसरे और 9 योजनाओं में तीसरे स्थान पर है।

इस बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सहित कई दिग्गज नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान कार्यकर्ताओं से जिलेवार फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं को सुना।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.