सियासी अदावत के बीच बड़ा संदेश हरीश चौधरी ने विपक्ष की जमीन पर खोला शिक्षा का मोर्चा शिव में 6 लाख से बनेगा कक्षा कक्ष

बायतु विधायक हरीश चौधरी ने अपनी विधायक निधि से शिव विधानसभा क्षेत्र के रा.प्रा.वि. आजाद नगर, गंगाला (रामसर) में कक्षा कक्ष निर्माण हेतु 6 लाख रुपये की अनुशंसा की है।

Feb 16, 2026 - 12:39
सियासी अदावत के बीच बड़ा संदेश हरीश चौधरी ने विपक्ष की जमीन पर खोला शिक्षा का मोर्चा शिव में 6 लाख से बनेगा कक्षा कक्ष

राजस्थान की सियासत में जहां आरोप-प्रत्यारोप और खींचतान आम बात है, वहीं कभी-कभी कुछ फैसले राजनीति से ऊपर उठकर एक अलग संदेश दे जाते हैं। ऐसा ही एक कदम उठाया है बायतु विधायक हरीश चौधरी ने, जिन्होंने अपनी विधायक निधि से शिव विधानसभा क्षेत्र के एक भवन-विहीन विद्यालय में कक्षा कक्ष निर्माण के लिए 6 लाख रुपये की अनुशंसा की है।

गौरतलब है कि शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी और हरीश चौधरी के बीच राजनीतिक अदावत जगजाहिर है। ऐसे माहौल में अपनी विधानसभा सीमा से बाहर जाकर सहायता राशि जारी करना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

(नीचे दिए गए लिंक से विधायक हरीश चौधरी की पोस्ट पढ़िए)

हरीश चौधरी ने ट्विटर पर पोस्ट कर लिखा कि यह केवल एक कक्षा कक्ष का निर्माण नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संकल्प जताया कि भविष्य में इस विद्यालय के पूर्ण भवन निर्माण के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि किसी भी बच्चे की पढ़ाई संसाधनों की कमी के कारण प्रभावित न हो।

उन्होंने राज्य में संचालित उन विद्यालयों की स्थिति पर भी चिंता जताई जहां भवन, कक्षा कक्ष और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और राजस्थान राजभवन से आग्रह किया कि ऐसे सभी विद्यालयों की व्यापक सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर बजट आवंटन किया जाए।

हरीश चौधरी ने कहा कि बच्चों को सम्मानजनक और सुरक्षित शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है और सरकार को संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

आपको बता दे कि यह राशि रा.प्रा.वि. आजाद नगर, गंगाला (रामसर) में कक्षा कक्ष निर्माण के लिए दी गई है। विद्यालय लंबे समय से भवन और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में संचालित हो रहा था। ऐसे में यह स्वीकृति स्थानीय विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।